Breaking News

Braj ki Holi Live: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज ने खेली होली, श्रद्धालुओं पर बरसाया गुलाल

 

12:29 PM, 12-Mar-2025

संत प्रेमानंद महाराज ने खेली होली, श्रद्धालुओं पर बरसाया गुलाल 

 

वृंदावन में होली पर श्री राधा हित केली कुंज आश्रम में भक्ति और रंगों का अनोखे संगम में हर कोई डूबता हुआ दिखाई दिया। चहुंओर उड़ता हुआ गुलाल और गूंजता राधा नाम वातावरण को पवित्र और हर किसी की दिल में नाम जप की अलख जगा रहा था। संत प्रेमानंद महाराज ने जैसे ही श्रद्धालुओं पर गुलाल डाला तो वह खुशी में झुकने लगे।

10:19 AM, 12-Mar-2025

वृंदावन में भी उमड़ रही भीड़

 

होली का उल्लास वृंदावन में चरम पर है। भक्तों की भीड़ा आराध्य के साथ होली खेलने के लिए लगातार उमड़ रही है। सुबह से ही बांके बिहारी मंदिर के गेट पर भक्तों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो रही है। यहां भक्त गुलाल से होली खेल रहे हैं।

08:24 AM, 12-Mar-2025

द्वारकाधीश मंदिर में होली 

 

ब्रज की होली में अद्भुत और अनोखे आयोजन शामिल हैं। बरसाना और नंदगांव की लठामार होली के बाद गोकुल में छड़ीमार होली का आयोजन भी हो चुका है। बुधवार को मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में होली का आयोजन होगा। इसमें दोपहर 1 बजे से द्वारकाधीश रंग गुलाल और टेसू के फूलों के रंग से होली खेलेंगे। इसमें जिले के साथी अलग-अलग स्थान से आए भक्त द्वारकाधीश के साथ होली खेलेंगे। वहीं वृंदावन के मंदिरों में भी होली के आयोजन जारी रहेंगे।

 

06:55 AM, 12-Mar-2025

बड़े दाऊजी मंदिर में 15 को होगा भव्य हुरंगा

हुरंगा से पूर्व नृत्य महारास
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

फाल्गुन माह में ब्रज की होली और हुरंगा की अपनी अनूठी परंपरा है जिसे देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं। इसी कड़ी में 15 मार्च को वृंदावन स्थित ऐतिहासिक बड़े दाऊजी मंदिर में भव्य हुरंगा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और मंदिर सेवायतों ने पारंपरिक रूप से फाग निमंत्रण देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

04:10 AM, 12-Mar-2025

रंगभरनी एकादशी के साथ शुरू हुई दाऊजी मंदिर में होली

होली
– फोटो : Adobe Stock

रंगभरनी एकादशी के दिन से होली गेट स्थित ठाकुर दाऊजी महाराज मंदिर में होली शुरू हो गई है। ये होली एक सप्ताह तक मंदिर में धूमधाम से मनाई जाएगी। सुबह से ही मंदिर के प्रांगण में गीत गायन का आयोजन हुआ और सायंकाल ठाकुरजी की आरती के बाद ही होली आरंभ हुई। इसमें श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के साथ जमकर होली खेली। मंदिर के महंत राजू पंडित ने बताया कि प्रत्येक वर्ष रंगभरनी एकादशी से मंदिर में होली शुरू हो जाती है। इस दौरान दूर-दूर से भजन गायक, रसिया, मंडली द्वारा यहां आकर प्रभु के चरणों में अपने भजन प्रस्तुत करते हैं। कार्यक्रम में रीना पिपरोनिया, मंजू गुप्ता, डॉली बंसल, सरिता अग्रवाल, संध्या अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।

10:59 PM, 11-Mar-2025

प्रियाकांतजू मंदिर में 13 को होगी सतरंगी होली

 

वृंदावन के ठाकुर प्रियाकांतजू मंदिर में 13 मार्च को ब्रज की संपूर्ण सतरंगी होली मनाई जाएगी। मंदिर पर टेसू के फूलों को भिगोकर सुगंधित रंग तैयार किया जा रहा है। देवकीनंदन महाराज हाईड्रोलिक पिचकारी से श्रद्धालुओं पर रंगों की वर्षा करेंगे। मंदिर पर सात प्रकार की होली खेली जाएगी। इससे पूर्व मंगलवार को छटीकरा मार्ग स्थित मंदिर में चल रहे होली महोत्सव में भागवत प्रवचन करते हुए देवकीनंदन महाराज ने कहा कि सच्चा सुख और संतोष केवल परोपकार और सद्कर्मों में निहित है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में सबसे बड़ा पुण्य दूसरों को सुख देना है। कथा में आए भागवत पीठाधीश्वर पुरुषोत्तम शरण शास्त्री महाराज ने व्यासपीठ पूजन कर श्रोताओं को आशीर्वचन प्रदान किए। मंदिर सचिव विजय शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह ठाकुर प्रियाकांतजू के विग्रह को गुलाल अर्पित कर 9.30 बजे से होली की शुरुआत होगी। इनमें लड्डू-जलेबी की होली, फूलों की होली, लठामार होली, गुलाल की होली, टेसू के रंगों की होली, मधुर भजनों संग भक्ति रंग की होली खेली जाएगी।

09:20 PM, 11-Mar-2025

ब्रज में होली का आनंद लेते श्रद्धालु।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

बांकेबिहारी मंदिर में होली की धूम, रंग-गुलाल की वर्षा के बीच झूमे श्रद्धालु

 

ब्रज की विश्वविख्यात रंगीली होली के दूसरे दिन मंगलवार को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दरबार में भक्त रंग और गुलाल की बौछार के बीच भक्ति और आनंद में सराबोर हो गए। मंदिर के आंगन में श्रद्धालु भावविभोर होकर नाचते-गाते नजर आए। मंदिर परिसर में अलसुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु अपने आराध्य के हुरियारे स्वरूप के दर्शन के लिए उत्सुक दिखे। जैसे ही मंदिर में रंगों की वर्षा शुरू हुई भक्तगण प्रेम और भक्ति की इस अनोखी होली में डूब गए। टेसू के फूलों के रंग और गुलाल की बारिश के बीच जयकारे गगन को भेद रहे थे। सेवायत विप्रांश वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष होली महोत्सव 13 मार्च की पूर्णिमा रात्रि तक चलेगा और 14 मार्च को डोलोत्सव मनाया जाएगा। हालांकि इस बार तिथि क्षय होने के कारण उत्सव चार दिनों तक ही चलेगा। होली के अवसर पर श्रीबांकेबिहारी के सेवायतों द्वारा ठाकुरजी को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इनमें दहीबड़ा, गुजिया, जलेबी, चाट-चटनी, नमकीन और अन्य स्वादिष्ट व्यंजन शामिल रहे। मंदिर में ठाकुरजी के लिए छप्पन भोग की विशेष व्यवस्था की गई, जिसे भक्तों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

 

07:45 PM, 11-Mar-2025

ठंडाई पीकर होली खेल रहे ठाकुर जी

 

होली पर राधा-श्याम कुंड संगम स्थित गिरिराज मंदिर के साथ अन्य मंदिरों में ठाकुरजी को शाम को मेवा युक्त ठंडाई का भोग निवेदित किया जा रहा है। यह क्रम पूर्णमासी तक जारी रहेगा। प्रसाद को सेवायत तथा भक्तजन ग्रहण करते हैं। मान्यता है कि ठंडाई पीने के बाद ठाकुरजी भक्तों के साथ होली खेलने में मगन हो जाते हैं। ठंडाई में काली मिर्च, सौंफ, मेवा, केसर आदि का प्रयोग किया जा रहा है।

06:46 PM, 11-Mar-2025

परिक्रमा मार्ग में उड़ रहा गुलाल

 

होली पर 21 किलोमीटर लंबे गिरिराज परिक्रमा मार्ग में आस्था का समंदर उमड़ रहा है। मंदिर और परिक्रमा मार्ग में भक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है। श्रद्धालु एक-दूसरे पर गुलाल व फूल फेंक कर होली मना रहे हैं। परिक्रमा मार्ग में गिरिराज महाराज के जयकारों के साथ उड़ता गुलाल आसमान में इंद्रधनुष जैसी छटा बिखेर रहा है। समाज सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. बृजलाल गोस्वामी ने बताया कि होली महोत्सव के दौरान बुजुर्गों का दिल्ली वाली धर्मशाला पर सम्मान किया जाएगा।

 

04:55 PM, 11-Mar-2025

गोकुल पहुंचे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 

गोकुल में छड़ीमार होली के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया। दोपहर बाद एसएसपी ने यहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

Source link

About Lohia-Admin

Check Also

UP: लखनऊ में बनेगी विध्वंसक मिसाइल ब्रह्मोस, आगरा में बने रडार से पकड़ लेंगे दुश्मन के नापाक मंसूबे

बीएचईएल टीम कर चुकी है 400 करोड़ रुपये से फैक्टरी लगाने के लिए सर्वे। Source …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *