बरेली में सप्ताहभर से मंडरा रहे बादलों ने रविवार को अनुकूल माहौल बनने पर झमाझम बारिश की, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। सोमवार तड़के चार बजे से फिर बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक गरज चमक के साथ बारिश हुई। इससे सुबह का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने तीन दिन तक आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंधी चलने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पहुंचने के लिए कहा है।
Trending Videos
मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार की देर रात तेज हवा के साथ पहाड़ों पर मंडरा रहे बादलों का प्रवेश शहर में शुरू हुआ। रविवार की भोर में करीब घंटे तक तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। सुबह नौ बजे से आसमान साफ हुआ और दोपहर तीन बजे तक धूप रही।
रविवार सुबह की रिमझिम के बावजूद दिन में धूप ने गर्मी का अहसास कराया। अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से दो डिग्री कम 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोपहर तीन बजे के बाद बादल छाने लगे। शाम चार बजे तेज हवा के साथ करीब आधे घंटे तक हल्की, तेज बारिश हुई।